अद्भुत! पति ने पत्नी को गिफ्ट किया ‘ताजमहल’, वायरल हो रहा अनोखा घर

कई लोग अपनी पत्नी और प्रेमिका को ताजमहल देने का वादा करते हैं। लेकिन मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में एक शख्स ने वाकई में ऐसा कमाल कर दिया. इस शख्स ने ताजमहल जैसा दिखने वाला घर बनाकर अपनी पत्नी को गिफ्ट किया है। इस शख्स का ये अनोखा घर अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है.
आनंद प्रकाश चौकसे मध्य प्रदेश के बुरहानपुर के रहने वाले हैं. आनंद पेशे से शिक्षक हैं। उन्होंने अपनी पत्नी मंजूषा चोकसे के लिए यह अनोखा चार बेडरूम का घर बनवाया है। इस अनोखे घर को बनवाने से पहले पति-पत्नी भी ताजमहल देखने आगरा गए थे।
इस दौरान वह इंजीनियर की टीम को भी अपने साथ ले गए। यहां उन्होंने प्रेम के इस प्रतीक की वास्तुकला का ध्यानपूर्वक अवलोकन किया और इंजीनियरों से इसकी बारीकियों को नोट करने को कहा।
शुरुआत में आनंद चौकसे ने इंजीनियरों से 80 फीट की ऊंचाई वाला घर बनाने को कहा था। लेकिन उन्हें इसके लिए प्रशासनिक अनुमति नहीं मिल पाई।
NDTV के मुताबिक इसके बाद उन्होंने ताजमहल जैसा घर बनाने का फैसला किया. आनंद ने बताया कि इंजीनियरों ने इस घर को ताजमहल की 3डी इमेज के आधार पर डिजाइन किया है। इस घर को बनाने में कुल तीन साल से ज्यादा का समय लगा। इस घर को बनाने वाले इंजीनियरों ने ताजमहल के साथ-साथ औरंगाबाद में भी इसी डिजाइन पर बने बीवी का मकबरा का अध्ययन किया था।
आनंद चौकसी को उम्मीद है कि बुरहानपुर आने वाले पर्यटक उनके घर देखने जरूर आएंगे. इस घर को बनाने वाले कंसल्टिंग इंजीनियर प्रवीण चौकसे के मुताबिक यह घर कुल 90 वर्ग मीटर में फैला है. हालांकि, मूल संरचना केवल 60 वर्ग मीटर में है। इमारत के गुंबद 29 फीट ऊंचे हैं। घर डबल स्टोरी है और इसमें कुल चार बेडरूम हैं। इसमें किचन के अलावा एक लाइब्रेरी और मेडिटेशन रूम भी है।