‘पृथ्वीराज’ में संयोगिता बनीं मानुषी छिल्लर, मिस वर्ल्ड का खिताब जीतकर देश का नाम किया था रौशन
अक्षय कुमार और मानुषी छिल्लर की फिल्म ‘पृथ्वीराज’ का टीजर रिलीज हो गया है। यशराज फिल्म्स के बैनर तले मानुषी बड़े पर्दे पर डेब्यू करने वाली हैं। फिल्म में अक्षय कुमार सम्राट पृथ्वीराज चौहान के किरदार में हैं जबकि मानुषी राजुकमारी संयोगिता बनी हैं। टीजर में मानुषी बेहद खूबसरत लग रही हैं। लाल रंग के पारंपरिक कपड़ों और हैवी ज्वैलरी पहने वह शाही लुक में हैं। टीजर आने के बाद मानुषी सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगीं, तो चलिए बताते हैं उनके बारे में।

24 वर्षीय मानुषी का जन्म हरियाणा के रोहतक में हुआ है। उन्हें पिता डॉ मित्रा बासु छिल्लर डीआरडीओ में वैज्ञानिक हैं और मां नीलम छिल्लर डॉक्टर हैं।मानुषी ने अपनी पढ़ाई दिल्ली के सेंट थॉमस स्कूल से की है। वह 12वीं में सीबीएसई बोर्ड से इंग्लिश विषय में टॉपर थीं।मानुषी ने पहली बार में ही आल इंडिया प्री मेडिकल टेस्ट पास कर लिया था। उन्होंने सोनीपत के भगत फूल सिंह मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस में एडमिशन लिया था।मानुषी डांस में भी ट्रेन्ड हैं और उन्होंने कुचीपुड़ी सीखी है। 2017 में उन्होंने फेमिना मिस इंडिया का खिताब जीता।

इसी साल मानुषी ने मिस वर्ल्ड 2017 का खिताब अपने नाम किया। प्रियंका चोपड़ा के मिस वर्ल्ड बनने के 17 साल बाद किसी भारतीय ने यह ताज अपने नाम किया था।मानुषी से मिस वर्ल्ड कॉम्पिटिशन के फाइनल राउंड में सवाल पूछा गया कि किस प्रोफेशन में सबसे ज्यादा सैलरी मिलनी चाहिए और क्यों? मानुषी ने कहा, ‘मैं अपनी मां के बहुत करीब हूं। मां को सबसे ज्यादा सम्मान मिलना चाहिए। बात सैलरी की हो रही हूं तो इसका मतलब यह नहीं है कि कैश हो, उन्हें सम्मान और प्यार मिलना चाहिए।‘मानुषी ने आगे कहा कि ‘मेरी मां मेरे लिए बहुत बड़ी प्रेरणा हैं। सभी मांएं अपने बच्चों के लिए जिंदगी में बहुत त्याग करती हैं इसलिए उन्हें सबसे ज्यादा सैलरी मिलनी चाहिए, सबसे ज्यादा सम्मान मिलना चाहिए।‘
मानुषी कई सामाजिक कार्यों से जुड़ी हुई हैं। इनमें मेंस्ट्रुअल हाईजीन, फिट इंडिया कैम्पेन, ब्यूटी विद ए पर्पज कैम्पेन सहित अन्य हैं।यशराज फिल्म्स के साथ डेब्यू करना मानुषी सपने के पूरे होने जैसा मानती हैं। यह फिल्म पहले 2020 दिवाली पर रिलीज होने वाली थी लेकिन कोरोना की वजह से इसमें देरी हुई। अब यह अगले साल गणतंत्र दिवस के मौके पर आएगी।